हमें हार से निराश न होकर तैयार करनी चाहिए नई रणनीति:पदम जैन
सिरसा(प्रैसवार्ता)हार-जीत एक सिक्के के दो पहलू है इससे हमें निराश नहीं होना चाहिए बल्कि हार से सबक लेकर भविष्य की नई रणनीति तैयार करनी चाहिए। यह बात इनेलो के जिला अध्यक्ष पदम जैन ने कही। वे आज इनेलो जिला पार्टी कार्यालय चौ. देवीलाल भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं को पार्टी पहचान पत्र वितरित करने के पश्चात कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। श्री जैन ने इनेलो सुप्रीमो चौ. ओ३म प्रकाश चौटाला की भूरी-भूरी प्रसंसा करते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत व शानदार रणनीति के कारण इनेलो पार्टी ने विधानसभा चुनावों में बढिय़ा प्रदर्शन किया है। पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि वह पार्टी कार्यक्रमों में बढ़चढ़ कर भाग लें और पार्टी की नीतियों का प्रचार भी जन-जन तक पहुंचाने का काम करें। श्री जैन ने पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव प्रबंधन में कुछ खामियां रहने के कारण वह चुनाव हारे लेकिन पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें जिताने के लिए तन-मन-धन से कड़ी मेहनत की जिसके लिए उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। जिला अध्यक्ष ने कहा कि कुछ समय बाद हलका ऐलनाबाद का उप-चुनाव होने जा रहा है। जिसके लिए सभी कार्यकर्ता अभी से तैयारियां शुरू कर दें ताकि पिछले चुनाव की अपेक्षा इनेलो प्रत्याशी यह चुनाव ज्यादा से ज्यादा मतों से जीतकर विधानसभा में जाए। उन्होंने कहा कि आज इनेलो की पूरे प्रदेश में लहर चल रही है और पार्टी का ग्राफ पहले से बढ़ा है। इनेलो नेता ने सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के हित में काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि वह एक जुटकर होकर आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी को मजबूत बनाएं और रूठे हुए सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी में लाने के लिए प्रेरित करें। इस बैठक में इनेलो के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।