ऐलनाबाद की रैली में उमड़ेगी लाखों की भीड़:अशोक तंवर
सिरसा(अमित सोनी) सिरसा के सांसद एवं अखिल भारतीय युवा कांगेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक तंवर ने दावा किया है कि ऐलनाबाद में प्रस्तावित नव विकास रैली ऐतिहासिक होगी और इस रैली में लाखों लोगों की भीड़ उमड़ेगी रैली स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस रैली का नाम नव विकास रैली इसलिए रखा गया है क्योंकि कांग्रेस की सरकार ने जो विकास कार्य पहले करवाए उनसे भी अधिक और नए विकास के आयाम अब स्थापित होंगे। श्री तंवर ने कहा कि इस रैली को मुख्यमंत्री के अलावा अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता संबोधित करेंगे और रैली के बाद ऐलनाबाद विधानसभा से कांग्रेस की जीत सुनिश्चित हो जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान की सीमा से लगते इस विधानसभा का चौतरफा विकास कांग्रेस में ही संभव है। यहां की जनता कांग्रेस के उम्मीदवार को जिताकर भेजे तो सरकार मजबूती के साथ इस हलके में विकास के काम करवाएगी। सांसद ने कहा कि सिरसा की जनता ने उन्हें जिस विश्वास और भरोसे के साथ जिताकर देश की सबसे बड़ी पंचायत में भेजा है वहां वे सिरसा लोकसभा की जनता की आवाज को कमजोर नहीं पडऩे देंगे। हरियाणा में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में जनता के लिए विकास की गंगा बहाई जा रही है। मुख्यमंत्री की सोच हरियाणा की जनता को हर हाल में खुश रखने की है और बाकायदा वे इसके लिए काम भी कर रहे हैं। इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष होशियारी लाल शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस सिरसा शहरी के अध्यक्ष भूपेश मेहता,जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष मास्टर राजकुमार वर्मा, महासचिव हरीश सोनी, कांग्रेस क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्र्रदेश महासचिव आनंद बियाणी, नवीन केडिया, राजकुमार शर्मा, तिलकराज चंदेल, राजकुमार बजाज, निजी सहायक परमवीर सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।