हिसार भाजपा को करारा झटका
शहरी उपाध्यक्ष सुमेर सिंह साथियों सहित इनेलो में शामिल
04 मार्च 2010हिसार(प्रैसवार्ता) भारतीय जनता पार्टी को आज उस समय करारा झटका लगा, जब पार्टी के हिसार शहरी उपाध्यक्ष श्री सुमेर सिंह अपने साथियों सहित भाजपा छोड़कर इंडियन नेशनल लोकदल में शामिल हो गए। उनके साथ ही भाजपा के मण्डल महामंत्री जगदीश चन्द्र फौजी, भाजपा के युवा नेता प्रभानंद शर्मा एवं विजय पाल सिंह ने भी भारतीय जनता पार्टी छोड़कर इनेलो में शामिल हुए। इनेलो के हलका प्रधान श्री हनुमान ऐरन का सुमेर सिंह व उनके साथियों को इनेलो में शामिल करवाने में विशेष योगदान रहा। पिछले दिनों जब इनेलो के महासचिव एवं विधायक अजय चौटाला हिसार आए थे तो श्री ऐरन ने सुमेर सिंह की मुलाकात उनके साथ करवाई थी। इसके बाद आज स्थानीय पुष्पा कॉम्पलैक्स स्थित कार्यालय में हुई बैठक में पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, इनेलो के जिलाध्यक्ष रणबीर गंगवा, हलका प्रधान हनुमान ऐरन, इनेलो नेता सतपाल पानू, कार्यालय प्रभारी मुकेश सेठी, इनेलो नेता कमल हांडा, युवा इनेलो नेता विक्रांत बागड़ी व सुरेश पहलवान की उपस्थिति में ये सभी इनेलो में शामिल हो गए। पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, जिलाध्यक्ष रणबीर गंगवा एवं हलका प्रधान श्री ऐरन ने इन सभी का इनेलो में शामिल होने पर स्वागत किया। श्री गोयल एवं श्री गंगवा ने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल की जनहितैषी एवं संघर्षशील नीतियों के कारण बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्हें आशा है कि सुमेर सिंह एवं उनके साथी इनेलो में लग्र एवं मेहनत से काम करेंगे। श्री ऐरन ने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल ही एक ऐसी पार्टी है, जिनमें सभी के हित सुरक्षित हैं। सुमेर सिंह व उनके साथियों को इंडियन नेशनल लोकदल में पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी छोड़ इनेलो में शामिल हुए श्री सुमेर सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा में पूरी तरह से निष्क्रियता आ गई थी तथा किसी भी मुद्दे को लेकर न तो पार्टी के नेता संघर्ष कर रहे हैं और न ही कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान ही मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जनविरोधी का अगर कोई पार्टी सही मायने में विरोध कर रही है तो वह इंडियन नेशनल लोकदल ही है, इसलिए इनेलो की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। इनेलो में रहकर वे कड़ी मेहनत व लग्र से कार्य करके कांग्रेस की काली नीतियों का विरोध करेंगे।