कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को आगे बढाने हेतु कार्य किया:शर्मा
10 मार्च 2010
सिरसा(सिटीकिंग) जिला कांग्रेस प्रधान होशियारी लाल शर्मा ने महिला आरक्षण बिल के राज्यसभा में पारित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी व प्रधानमन्त्री मनमोहन सिंह का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी रूचि व मजबूत इरादों के चलते महिला आरक्षण बिल राज्यसभा में भारी बहुमत से पारित हुआ है। बिल का समर्थन करने वाले अन्य सभी दलों के राज्यसभा सदस्यों का भी शर्मा ने आभार व्यक्त किया। जिला कांग्रेस प्रधान ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा कार्य किया है और कांग्रेस पार्टी का इतिहास इस बात का गवाह है कि कांग्रेस ने महिलाओं को संगठन में हमेशा बराबरी का दर्जा देते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी है। शर्मा ने कहा कि महिला आरक्षण बिल के कानून बन जाने पर पूरे देश में महिलाओं की राजनीतिक स्थिति और मजबूत होगी और महिलाओं की प्रखर प्रतिभा से देश विकास के मामले में और तीव्र गति से आगे बढेगा। उन्होंने कहा कि विश्व इतिहास पर नजर दौड़ाएं, तो हमे पता चलता है कि महिला शक्ति ने समय-समय पर विश्व इतिहास को न केवल नई दिशा दी है बल्कि नया इतिहास भी रचा है। होशियारी लाल शर्मा ने कहा कि हमारे देश का इतिहास भी महिलाओं के स्वर्ण लिखित पन्नो से भरा पड़ा है, जिसमें हमें झांसी की रानी लक्ष्मी बाई, मीरा बाई, पन्नाधाय, इंदिरा गांधी, मदर टैरेसा जैसी महिलाओं के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए बेमिसाल कार्य देखनें पढऩे को मिलते है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के राजनीति में 33 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं की सत्ता में सीधी भागीदारी सुनिश्चित होगी और देश महिलाओं की कार्यकुशलता का सदुपयोग कर सकेगा।